संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर बुधवार को शिमला तक ट्रेन सेट (सेल्फ प्रोपेल्ट हाइड्रोलिक मल्टीपल यूनिट) का ट्रायल किया गया जोकि पूरी तरह सफल रहा। रेलवे सूत्रों के अनुसार बुधवार को सुबह 8:05 बजे ट्रेन सेट कालका स्टेशन से रवाना हुआ और दिन में 1:10 बजे शिमला रेलवे स्टेशन पहुंचा। इस दौरान कालका की तरफ आने वाली टॉय ट्रेनों के चलते ट्रेनसेट को दो स्टेशनों पर रोका भी गया। वहीं 3 बजकर 20 मिनट पर ट्रेनसेट शिमला से कालका के लिए रवाना हुआ। देर शाम ट्रेन सेट कालका पहुंच गाय। ट्रायल के दौरान गाड़ी में तकनीकी टीम भी मौजूद रही। अब अगले चरण में ट्रेन सेट का वजन के साथ ट्रायल किया जाएगा।
तीन दिन में तीसरा ट्रायल हुआ सफल
बता दें कि मंगलवार को सोलन तक ट्रेन सेट (सेल्फ प्रोपेल्ट हाइड्रोलिक मल्टीपल यूनिट) का ट्रायल हुआ था वह भी सफल रहा था। इस कड़ी में मंगलवार को सुबह 9:35 बजे ट्रेन सेट कालका स्टेशन से रवाना हुआ था जोकि 11:40 बजे सोलन रेलवे स्टेशन पर पहुंच गया था। वहीं 11:56 बजे वह कालका के लिए रवाना हुआ जोकि करीब 2 बजकर 30 मिनट पर कालका रेलवे स्टेशन पर पहुंच गया था। इससे पहले सोमवार को कालका से धर्मपुर तक हुआ ट्रेन सेट का ट्रायल भी सफल रहा था।
बुधवार को (सेल्फ प्रोपेल्ट हाइड्रोलिक मल्टीपल यूनिट) का ट्रायल कालका से शिमला तक किया गया है। यह ट्रायल भी सफल रहा है। अब आरडीएसओ की टीम की मौजूदगी साथ आगे के ट्रायल किए जाएंगे। -
मनदीप सिंह भाटिया, डीआरएम अंबाला।