संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। विश्व धरोहर कालका–शिमला रेलमार्ग पर लंबे समय बाद पैनोरमिक कोचों का ट्रायल दोबारा शुरू किया गया है। बुधवार को ट्रेन कालका से शिमला रवाना हुई और वीरवार को वापस कालका पहुंची। ट्रायल के दौरान आपात ब्रेक, चढ़ाई में तकनीकी खामियां, प्रेशर सिस्टम सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जांच की गई।
पैनोरमिक कोच में नैरोगेज लाइन पर पहली बार ब्रॉडगेज की तर्ज पर एयर पावर ब्रेक सिस्टम लगाया गया है। कोच में छत तक लगी बड़ी पैनोरमिक खिड़कियां यात्रियों को पहाड़ों और प्राकृतिक नजारों का बेहतर अनुभव देंगी। इसके अलावा अलग लगेज स्पेस, अलग लगेज कोच, सभी बोगियों में एयर स्प्रिंग और छोटी पेंट्री की सुविधा भी दी गई है।
ट्रायल के दौरान पावर के साथ चार पैनोरमिक कोच जोड़े गए, जिनमें सामान्य, वातानुकूलित कुर्सी, प्रथम श्रेणी वातानुकूलित और जनरेटर कोच शामिल थे। ट्रेन बुधवार सुबह 9:44 बजे कालका से रवाना होकर दोपहर 2:16 बजे शिमला पहुंची, जबकि वापसी में वीरवार सुबह 9 बजे शिमला से चलकर शाम करीब 4 बजे कालका पहुंची।
आरसीएफ कपूरथला ट्रायल कर रहा है
पैनोरमिक कोचों का ट्रायल जारी है। आरसीएफ कपूरथला ट्रायल कर रहा है, आरडीएसओ की टीम साथ रहती है। - नवीन कुमार, सिनीयर डीसीएम अंबाला मंडल।