पंचकूला। रविवार को भी सीईटी की परीक्षा है, ऐसे में लोकल रूट के साथ लंबी दूरी पर चलने वाली हरियाणा रोडवेज की बसों की कमी रहेगी। बहुत जरूरी हो तभी यात्रा के लिए घर से बाहर निकलें। बस की जगह ट्रेन सफर के लिए बेहतर विकल्प होगा।
शनिवार को सीईटी परीक्षा के चलते यात्रियों को बहुत परेशानी हुई। एक तरफ सेक्टर-5 का बस स्टेंड सीईटी परीक्षार्थियों से भरा पड़ा था, दूसरी तरफ बसों के इंतजार में बैठे यात्री गर्मी और उमस से परेशान थे। सीईटी परीक्षा के चलते लोकल और लंबी दूरी के सभी रूटों पर बसों का संचालन बंद कर दिया गया। इसके चलते रामगढ़, कालका, मोरनी, बरवाला, पिंजौर, रायपुररानी, जाने वाले यात्रियों को लोकल बस नहीं मिली। वहीं, पंचकूला से दिल्ली, अंबाला, कुरूक्षेत्र, करनाल, यमुनानगर, जींद, कैथल, हिसार, पानीपत, सोनीपत जाने वाले यात्रियों को ट्रेन को सफर के लिए विकल्प के रूप में चुनना पड़ा। पूरे दिन ऑटो चालकों की मर्जी चली और यात्रियों से मनमाना किराया वसूल गया।
शहरी क्षेत्र में सिर्फ पांच एसी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन
सिर्फ जिले के शहरी क्षेत्र में पांच एसी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया गया। रोडवेज की ओर से 20 बसों का संचालन लोकल रूटों पर करने का दावा किया गया था, लेकिन शहरी क्षेत्र को छोड़कर आसपास के रूटों पर बसें नहीं चलीं। नतीजा पूरे दिन यात्री परेशान रहे।
दो स्पेशल ट्रेनों का संचालन
शनिवार को रेलवे ने सीईटी परीक्षार्थियों के लिए दो स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया था। चंडीगढ़ से सहरानपुर और चंडीगढ़ से करनाल के लिए ट्रेेनें रवाना हुईं।
ऑटो चालकों ने दिनभर मचाई लूट
70 रुपये यात्रियों को पंचकूला से चंडीगढ़ सेक्टर-26 तक पहुंचने के लिए करने पड़े खर्च
250 रुपये तक पंचकूला से रामगढ़ का किराया ऑटो वालों ने किया चार्ज
600 रुपये पंचकूला से बरवाला आने-जाने के लिए यात्रियों ने किया भुगतान
100 से 150 रुपये तक पंचकूला सेक्टर-5 बस स्टैंड से पिंजौर प्रति यात्री वसूले गए
क्या कहते हैं परेशान यात्री
सेक्टर-5 बस स्टेंड पर मोरनी जाने के लिए तीन घंटे से बस की इंतजार किया। पूछताछ कार्यालय में भी पता किया था, लेकिन कर्मचारियों ने कोई संतोष जनक जवाब नहीं दिया कि मोरनी के लिए बस चलेगी या नहीं। मोरनी से आगे टिक्कर ताल तक जाना है। -महिमा, यात्री
ऑटो बुक कर जाना पड़ेगा मोरनी
मोरनी की बस का इंतजार करते ढाई घंटे हो गया है। दोपहर बाद कर्मचारियों ने कहा कि सीईटी की परीक्षा के लिए रोडवेज की बसों संचालन बंद कर दिया गया है। इसकी कोई सूचना पब्लिक को नहीं दी गई। अब ऑटो बुक कर मोरनी तक जाना पड़ेगा। -राजपाल, यात्री
कोट
रामगढ़ जाना है, रोडवेज की बसें बंद हैं। ऑटो वाले 200 से 250 रुपये तक चार्ज कर रहे हैं। शहर में बसों का संचालन किया जा रहा है। आसपास के लिए भी रोडवेज की कुछ बसों का संचालन किया जाना चाहिए था। मेरे साथ दो छोटे बच्चे हैं। उन्हें भी परेशानी होगी। -प्रियंका, रामगढ़