आखिरकार हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण कर्मचारी यूनियन के आगे स्थानीय विधायक ज्ञानचंद गुप्ता और प्रशासनिक अधिकारियों को छुकना ही पड़ा। यूनियन के दबाव के चलते विभाग के सुपरवाइजर मान सिंह का ट्रांसफर आदेश रद्द हो गया है। केवल मुख्य प्रशासक के आदेश की कॉपी पर साइन होना बाकी रह गया है। इसके बाद वह पंचकूला मुख्यालय में ड्यूटी देंगे। हालांकि ट्रांसफर आदेश वापस होने में करीब एक महीने से ज्यादा का समय लग गया, लेकिन देर आए दुरुस्त आए। वहीं सेक्टर-12-ए रैली मार्केट में पब्लिक वेलफेयर में एचएसवीपी के नियमों को दरकिनार कर विधायक द्वारा शुरू करवाया गया निर्माण कार्य भी बीच में ही रुक गया है। इससे रैली मार्केट के दुकानदारों में रोष है। वहीं, एचएसवीपी के ईओ आशुतोष राजन समेत दो अन्य अधिकारियों के ट्रांसफर से यूनियन कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। बता दें कि सेक्टर-12 ए रैली मार्केट के दुकानदारों की सुविधा के लिए स्थानीय विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने एचएसवीपी की जमीन पर निगम अधिकारियों से पार्किंग का निर्माण शुरू करवाया था। लेकिन अब यह कार्य बीच में ही रुक गया है।
आधी पार्किंग बन गई पक्की...तो आधी रह गई कच्ची
सेक्टर-12 ए स्थित रैली मार्केट के सामने एचएसवीपी की जमीन पर निगम ने निर्माण कार्य शुरू किया था। लेकिन एचएसवीपी और नगर निगम पंचकूला के एग्रीमेंट के अनुसार प्राधिकरण की किसी भी खाली पड़ी साइट पर निगम एचएसवीपी की परमिशन के बिना कोई निर्माण नहीं कर सकता। इसलिए एचएसवीपी ने निर्माण कार्य पर गंभीर लिया और इस कार्य को रोकने के लिए इस्टेट आफिसर द्वारा पत्र के माधयम से निर्देश जारी कर दिए गए। वहीं इससे पहले एचएसवीपी के इन्फोर्समेंट विंग के इंचार्ज एसडीओ बेनीवाल द्वारा विधायक के निर्देशानुसार हो रहे काम में रुकावट डालने की कोशिश की गई थी तो विधायक द्वारा एसडीओ सहित तीन कर्मचारियों का ट्रांसफर करवा दिया गया था और निर्माण कार्य जारी रखा गया था। लेकिन अपने साथी कर्मचारियों के ट्रांसफर आदेश से नाराज एचएसवीपी यूनियन के हजारों कर्मचारियों के विरोध और एचएसवीपी द्वारा निगम कमिश्नर को जारी किये गए निर्देश के बाद पार्किंग का निर्माण कार्य रुक गया। आधी पार्किंग में निगम द्वारा पेवर ब्लॉक्स लगा कर पक्का कर दिया गया है, जबकि आधी पार्किंग कच्ची रह गई है। एचएसवीपी ने निर्माण पर स्टे करवा दिया। कुल मिला कर दुकानदार अधूरे काम से नाखुश नजर आए।
सुपरवाइजर का ट्रांसफर आदेश रद्द
विधायक के काम में दखल देने वाले तीन कर्मचारियों की ट्रांसफर के बाद एचएसवीपी यूनियन के सैकड़ों कर्मचारियों ने मोर्चा खोल कर विधायक के घर का घेराव करने के रोष जताया था। इसी दबाव के चलते ट्रांसफर किए गए सुपरवाइजर मान सिंह के ट्रांसफर आदेश विधायक की सहमिति से रदद हो रहे हैं। यूनियन पदाधिकारी ने फोन पर पुष्टि करते हुए बताया है कि मान सिंह को दोबारा पंचकूला में ही लगाया जा रहा है। आदेश पर सिर्फ मुख्य प्रशासक के हस्ताक्षर होना बाकी है। एचएसवीपी यूनियन पदाधिकारी ने कहा है कि उनकी मुख्य मांग मान सिंह को वापस पंचकूला लाने की थी वो मांग विधायक द्वारा मान ली गई है। यूनियन पदाधिकारी का कहना है कि अब जब उनकी मांग पूरी हो गयी है तो विधायक के खिलाफ खोला गया मोर्चा भी हटा लिया गया है।