संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। लगातार चार ट्रायल फेल होने के बाद अब कालका-शिमला रेलमार्ग पर ट्रेन सेट (सेल्फ प्रोपेल्ट हाइड्रोलिक मल्टीपल यूनिट) का पांचवां ट्रायल सफल रहा है। बुधवार को रेलवे बोर्ड की टीम कालका से धर्मपुर रेलवे स्टेशन तक ट्रेन सेट लेकर गई। इसके बाद धर्मपुर से ट्रेन सेट कालका लेकर पहुंची। इस दौरान बेंगलुरु की एक तकनीकी टीम भी मौके पर मौजूद रही। धर्मपुर तक ट्रायल सफल होने के बाद अब इस ट्रेन सेट को चरणबद्ध तरीके से कालका से शिमला तक लेकर जाने की तैयारियां की जा रही है। रेलवे विश्व धरोहर में शामिल कालका-शिमला रेलमार्ग पर सेल्फ प्रोपेल्ट हाइड्रोलिक मल्टीपल यूनिट को चलाने के लिए प्रयासरत है। इस साल शुरूआत से ही इसके ट्रायल शुरू हो गए थे। अभी तक इसके चार ट्रायल फेल हो चुके हैं। पहली बार ट्रायल सफल रहा है।
खामियां दूर कर इंजन किया अपग्रेड
इससे पहले ट्रेन सेट के चार ट्रायल असफल रहे थे। ट्रायल के दौरान इंजन बार-बार बीच रास्ते में ही हांफ रहा था। बेंगलुरु से आई इंजीनियर की टीम ने इसकी खामियां दूर कर इसे अपग्रेड करने का काम किया। इसके बाद बुधवार को ट्रेन सेट का ट्रायल सफल रहा। ट्रेन सेट में कुल तीन कोच लगे हैं। इसमें दो कोच ड्राइवर सीट वाले हैं। इसमें 19-19 पैसेंजर और मध्य वाले कोच में 23 सैलानी बैठ सकते हैं। इस ट्रेन सेट को इंजन रहित ट्रेन भी कहते हैं, क्योंकि इसमें कोच के अंदर ही इंजन लगे हैं। ट्रेन सेट में सुविधाजनक सीटों के अलावा, एसी, हीटर, एलईडी और डिस्प्ले बोर्ड भी उपलब्ध है। इसमें यात्री गाड़ी से उतरे बिना एक कोच से दूसरे में प्रवेश कर सकते हैं। धर्मपुर तक ट्रायल सफल होने के बाद अब रेलवे बोर्ड सोलन तक ट्रेन सेट का ट्रायल करने के बारे में विचार कर रहा है। इसके लिए टीम ने उच्चाधिकारियों से सलाह मशविरा किया है।
बुधवार को धर्मपुर तक ट्रेन सेट का ट्रायल किया गया जोकि पूर्णतया सफल रहा। अब सोलन तक अगला ट्रायल किया जाएगा। ट्रायल के दौरान आरडीएसओ की टीम भी मौजूद रही। - मंदीप सिंह भाटिया, डीआरएम अंबाला।