पंचकूला। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पंचकूला ट्रैफिक पुलिस और पारस अस्पताल की टीम ने शुक्रवार को सेक्टर-11/15 चौक पर संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान बाइक चालकों को मुफ्त हेलमेट वितरित किए गए और उन्हें सुरक्षित यात्रा, यातायात नियमों का पालन तथा परिवार की जिम्मेदारी का महत्व समझाया गया।
आम तौर पर लोग ट्रैफिक पुलिस को देखकर चालान के डर से सचेत हो जाते हैं, लेकिन शुक्रवार को माहौल बिल्कुल अलग रहा। एसीपी ट्रैफिक सुरेंद्र सिंह, एसएचओ ट्रैफिक वरिंद्र कुमार और पुलिस टीम ने मुस्कुराते हुए वाहन चालकों को रोका और उन्हें हेलमेट पहनाकर सुरक्षा का संदेश दिया। अचानक मिले इस उपहार ने दुपहिया चालकों को पहले आश्चर्यचकित कर दिया, फिर उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान न केवल नियमों के प्रति जागरूक करते हैं, बल्कि सड़क सुरक्षा की गंभीरता को भी दिल से महसूस करवाते हैं।