ऑटो की अव्यवस्थित पार्किंग और असामाजिक तत्वों के जमावड़े से बढ़ी चिंता
12:15 से 12:45 बजे तक नियमित पुलिस व्यवस्था की मांग
प्रिंसिपल राजकुमार आर्य ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए स्थायी समाधान की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कालका के बाहर छुट्टी के समय यातायात जाम और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। विद्यालय में अलग-अलग शिफ्टों के कारण दोपहर करीब 12:30 बजे लगभग 1500 विद्यार्थी एक साथ बाहर निकलते हैं। इस दौरान मुख्य बाजार मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम जैसी स्थिति बन जाती है।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, मुख्य द्वार के सामने ऑटो रिक्शा चालक वाहन खड़े कर देते हैं, जबकि इसी मार्ग से बसों और अन्य भारी वाहनों का भी आवागमन होता है। इससे विद्यार्थियों की सुरक्षा को खतरा बना रहता है। प्रशासन का कहना है कि छुट्टी के समय कुछ असामाजिक तत्व भी स्कूल के बाहर जमा हो जाते हैं, जिससे विवाद और झगड़े की आशंका रहती है।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को कई बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है। कार्रवाई के बाद कुछ समय तक स्थिति सामान्य रहती है, लेकिन समस्या फिर सामने आ जाती है।
प्रिंसिपल राजकुमार आर्य ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए दोपहर 12:15 से 12:45 बजे तक नियमित पुलिस या ट्रैफिक पुलिस की तैनाती, अवैध पार्किंग पर नियंत्रण, भारी वाहनों की निगरानी और असामाजिक तत्वों पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है, ताकि विद्यार्थी सुरक्षित वातावरण में घर लौट सकें।