डिटेक्टिव स्टाफ ने एक आरोपी को दबोचा, 300 सीसीटीवी खंगालकर पहुंची पुलिस 30-40 लाख की संपत्ति बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। डिटेक्टिव स्टाफ ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 4 ट्रैक्टर और एक ट्रॉली बरामद की है, जिनकी कीमत करीब 30 से 40 लाख रुपये आंकी गई है।
मामला थाना पिंजौर में दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता रामकरण ने बताया था कि उसका ट्रैक्टर-ट्रॉली इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास से चोरी हो गया। शुरुआती जांच में कोई सुराग नहीं मिलने पर केस डिटेक्टिव स्टाफ को सौंपा गया।
इंस्पेक्टर निर्मल सिंह के नेतृत्व में टीम ने करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और गुप्त सूचना के आधार पर 11 अप्रैल को आरोपी जगतार सिंह उर्फ गोरा, निवासी पटियाला (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कई वारदातें कबूल कीं, जिसके बाद पुलिस ने 4 ट्रैक्टर और एक ट्रॉली बरामद की।
बरामद ट्रैक्टर स्वराज और सोनालिका कंपनियों के हैं, जिन्हें पंचकूला के अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी किया गया था। आरोपी के खिलाफ पंजाब में पहले से दो मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। एसीपी क्राइम अरविंद कम्बोज और डीसीपी अमरिंदर सिंह ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है।