संवाद न्यूज एजेंसी
रायपुररानी। गांव मौली के पास पंचकूला-यमुनानगर नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह 6 बजे एक ओवरलोड ट्राली पलटने से सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह बंद हो गया। यह ट्राली पंचकूला से शहजादपुर जा रही थी, जब अचानक एक जानवर सड़क पर आ गया। चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्राली पलट गई। ट्राली तुड़ी से भरी थी। गनीमत रही कि चालक को चोट नहीं आई।
इस घटना के बाद पूरा दिन हाईवे पर यातायात बाधित रहा। शाम 5 बजे तक सड़क से तुड़ी नहीं हटाई जा सकी थी। इसके चलते सड़क वन-वे पर ही चलती रही। लोगों का कहना है कि पुलिस नाकाबंदी के बावजूद अवलोड तुड़ी से भरी ट्रालियां निकल रही हैं। इस घटना से सवाल उठ रहे हैं कि पुलिस ओवरलोड ट्रालियों पर कार्रवाई क्यों नहीं करती। रात के समय पुलिस अकसर नाके लगाकर अवैध शराब पकड़ने में व्यस्त रहती है, लेकिन इन नाकों से गुजरने वाली ओवरलोड ट्रालियों पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। ये ट्रालियां न केवल क्षमता से अधिक लदी होती हैं, बल्कि इनमें कोई इंडिकेटर या रिफ्लेक्टर नहीं होते। ऐसी स्थिति में ये सड़क पर खतरा बनकर चलती हैं। खासकर रात के समय, जब सड़क पर दृश्यता कम होती तो इन ट्रालियों के कारण गंभीर हादसे होते हैं।
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का कहना है कि ये ट्रालियां अकसर पूरी सड़क घेरकर चलती हैं, जिससे अन्य वाहनों के लिए रास्ता नहीं मिल पाता है। इसके बावजूद पुलिस इन पर कोई कार्रवाई नहीं करती।