सादे कपड़ों में पहुंची पुलिस, चालक के भागने के प्रयास को किया नाकाम
संवाद न्यूज एजेंसीपिंजौर। अमरावती पुलिस चौकी की टीम ने सादे कपड़ों में कार्रवाई करते हुए अवैध खनन सामग्री से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर माइनिंग विभाग को सूचना दी, जिसके बाद नियमानुसार उसे सीज कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार वीरवार को अमरावती पुलिस चौकी को सूचना मिली थी कि गांव बुर्जकोटियां के समीप नदी क्षेत्र में अवैध खनन किया जा रहा है। पुलिस को आशंका थी कि यदि टीम सरकारी वाहन या वर्दी में मौके पर पहुंची तो खनन में शामिल लोग पहले ही फरार हो सकते हैं।
इस पर पुलिस ने नई रणनीति अपनाते हुए टीम को सादे कपड़ों में आम नागरिकों की तरह मौके पर भेजा। इसी दौरान पुलिसकर्मियों को देखकर ट्रैक्टर चालक को संदेह हो गया और उसने वाहन को तेज गति से भगाने का प्रयास किया।
पुलिसकर्मियों ने बाइक से पीछा कर कुछ ही दूरी पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक लिया। जांच के दौरान वाहन में अवैध खनन सामग्री भरी मिली। इसके बाद पुलिस वाहन को अमरावती पुलिस चौकी ले गई और माइनिंग विभाग को सूचित कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी।