बरवाला। बरवाला-डेराबस्सी मार्ग पर एयरपोर्ट स्टेशन के नजदीक ट्रैक्टर ट्राली ने एक एक्टिवा को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरवाला पुलिस चौकी इंचार्ज ने बताया कि सोनिया (27) पुत्री महेंद्र सिंह वासी लालपुर नारायणगढ़ जोकि डेराबस्सी के पास किसी फैक्टरी में नौकरी करती थी, जो आज सुबह अपनी एक्टिवा पर बरवाला की तरफ आ रही थी। जैसे ही वह एयरपोर्ट स्टेशन के पास पहुंची तो बरवाला की तरफ से जा रहे ट्रैक्टर ट्राली ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। घटना में महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को कब्जे में लेकर सोनिया के शव को पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-6 पंचकूला पहुंचाया। मृतक सोनिया के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।