सीजन का यह पहला पश्चिमी विक्षोभ है, जो सक्रिय है। इसका असर पहाड़ों में दिवाली के दिन से ही दिखने लगेगा। मैदानी क्षेत्रों के कुछ इलाकों में दिवाली के दिन बादल छा सकते हैं। 15 नवंबर को चंडीगढ़ सहित पंजाब व हरियाणा के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। 16 नवंबर से मौसम साफ होने लगेगा। इससे दिन के तापमान में गिरावट आएगी, जबकि रात के तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक नवंबर में ज्यादा बारिश नहीं होती। आमतौर पर 20 से 18 एमएम के बीच बारिश होती रही है। सबसे ज्यादा बारिश साल 2004 में 140 एमएम रिकॉर्ड की गई थी। हालांकि साल 2004 के बाद अधिकतम बारिश साल 2013 में रिकॉर्ड की गई थी।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम
दिवाली के बाद से चंडीगढ़ में ठंड बढ़ जाएगी। 15 नवंबर रविवार को बारिश से दिन का अधिकतम तापमान 27 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री के बीच दर्ज किया जाएगा। अगले दिन मंगलवार को तापमान में और गिरावट आएगी। 16 नवंबर को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया जाएगा। उसके बाद 17 नवंबर को आसमान साफ रहेगा। हालांकि इस दिन अधिकतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। रात का तापमान सामान्य रहेगा।