रामगढ़ में नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई, चालक नहीं दिखा सका वैध परमिट और ई-रवाना बिल
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रामगढ़ क्षेत्र में खनन सामग्री से भरे एक टिप्पर को कब्जे में लिया है। जांच के दौरान चालक खनन सामग्री के परिवहन से संबंधित वैध ई-रवाना बिल और परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका।
जानकारी के अनुसार रामगढ़ चौकी इंचार्ज तजिन्द्र पाल सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान रामगढ़ नाके पर एक संदिग्ध टिप्पर को रोककर उसकी जांच की गई। पुलिस ने चालक से आवश्यक दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
इसके बाद पुलिस ने टिप्पर को कब्जे में लेकर रामगढ़ चौकी में खड़ा करवा दिया और मामले की सूचना माइनिंग विभाग को दे दी। विभागीय और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने कहा कि जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस की टीमें लगातार सक्रिय हैं। संदिग्ध वाहनों और गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन और अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि पुलिस और माइनिंग विभाग के संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि जिले में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।