पीछा कर पुलिस ने की टिप्पर पर फायरिंग, टायर फटने पर भी नहीं रुका, नाकाबंदी कर पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। चंडीमंदिर टोल प्लाजा की ओर से अवैध खनन कर भाग रहे टिप्पर ने बुधवार देर रात सेक्टर-20 के सामने नए फ्लाईओवर के नीचे पीसीआर को टक्कर मार दी। टक्कर से पीसीआर गाड़ी हाईवे पर तीन बार पलट गई।
इसमें सवार तीन ट्रैफिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। पीसीआर गाड़ी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों की पहचान सब इंस्पेक्टर गुरचरण सिंह, पीएसआई बलजिंदर सिंह और एसपीओ सतबीर सिंह के रूप में हुई है। तीनों मुलाजिम सेक्टर-21 में रात की ड्यूटी पर थे। सूचना पर पहुंचे अन्य पुलिसकर्मियों ने घायलों को पंचकूला सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया है। जहां इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
सूचना पर दूसरी पीसीआर के मुलाजिमों ने टिप्पर में रेत लेकर जीरकपुर की तरफ भाग रहे चालक का पीछा किया। टीम ने जीरकपुर में नाकेबंदी कर चालक को पकड़ लिया। चालक की पहचान माट्टांवाला निवासी नरेंदर के रूप में हुई है।
पिंजाैर की तरफ से ट्रैफिक सिग्नल तोड़ भाग रहा था
घायल सब इंस्पेक्टर गुरचरण सिंह ने बताया कि पिंजाैर की तरफ टोल प्लाजा से पहले के ट्रैफिक सिग्नल को तोड़कर टिप्पर चालक भाग रहा था। सूचना थी कि वह अवैध खनन कर सामग्री ले जा रहा है। उसे रोकने की कोशिश की लेकिन नहीं रुका। पुलिस को देख चालक ने रफ्तार तेज कर दी। सेक्टर-20 के सामने नए फ्लाईओवर के नीचे पीसीआर ने टिप्पर को रोकने का काफी प्रयास किया।
ट्रैफिक पुलिस ने तीन से चार राउंड की फायरिंग
सेक्टर-20 के सामने नए फ्लाईओवर के नीचे जब टिप्पर चालक नहीं रुका तो पीसीआर टीम ने टिप्पर पर तीन से चार राउंड फायरिंग की। एक गोली टिप्पर के पिछले टायर में लगी, जिससे टायर पंक्चर हो गया। जैसे ही टिप्पर का टायर पंक्चर हुआ, वह ओवरटेक कर रही पीसीआर को टक्कर मार साइड से रगड़ते हुए आगे निकल गया। इससे पीसीआर गाड़ी ने तीन पलटियां खाईं। इसके बाद टिप्पर चालक को जीरकपुर में नाकाबंदी कर काबू कर लिया गया।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
एसीपी विक्रम मेहरा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अवैध खनन और हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अवैध खनन में काैन-काैन शामिल हैं, इस बारे में पूछताछ की जा रही है।