मोरनी। हरियाणा पर्यटन निगम द्वारा मोरनी के प्रमुख पर्यटन स्थल टिक्कर ताल पर अलॉट किया गया जूस कॉर्नर विवादों में घिर गया है। सैलानी और ग्रामीण जूस कॉर्नर पर खाद्य पदार्थों की मनमानी दरों पर बिक्री पर विरोध जता रहे हैं। सैलानियों का आरोप है कि जूस कॉर्नर पर एक प्रसिद्ध एनर्जी ड्रिंक को उसकी एमआरपी से अधिक दाम में बेचा जा रहा है। जब एक सैलानी ने आपत्ति जताई तो उन्हें टूरिस्ट स्पॉट का हवाला दिया गया। महज 200 एमएल के जूस का एक गिलास 180 रुपये में बेचा जा रहा है। पानी की बोतल, आइसक्रीम और अन्य खाद्य सामग्री भी भारी कीमतों पर बेची जा रही है। पर्यटन निगम के अधिकारी इस पर चुप्पी साधे हुए हैं।
स्थानीय निवासियों और पर्यटकों ने मांग की है कि हरियाणा पर्यटन निगम संज्ञान लेते हुए जूस कॉर्नर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी दुकानों पर रेट लिस्ट, बिलिंग सिस्टम और टैक्स नियमों का पालन हो अन्यथा लोग बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। जूस कार्नर चलाने वाले ठेकेदार इमरान खान का कहना है कि वह बड़ा बोर्ड लगवाकर कुछ रेट भी कम कर देंगे।
न रेट लिस्ट, न बिल, सिर्फ मनमानी
सैलानियों का कहना है कि जूस कॉर्नर के बाहर कोई रेट लिस्ट नहीं लगाई गई है और न ही किसी आइटम का बिल दिया जा रहा है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे ग्राहकों से अधिक कीमत वसूली जा रही है। इस वजह से पर्यटन पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।
जूस के मांगे 180 रुपये, लूट मची है
हम यहां परिवार के साथ घूमने आए थे। जब मैंने जूस लिया तो 180 रुपये मांगे गए। विरोध करने पर कहा गया कि टूरिस्ट स्पॉट है। यह साफ तौर पर लूट है। - प्रदीप शर्मा, पर्यटक, पंचकूला
डीसी और सीएम से करेंगे शिकायत
पर्यटन निगम ने यह कॉर्नर सैलानियों की सुविधा के लिए दिया था, लेकिन यहां लूटा जा रहा है। अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो हम डीसी से लेकर सीएम तक शिकायत करेंगे। -तरुण शर्मा, स्थानीय निवासी
पानी के बोतल के दोगुना दाम
मैंने पानी की बोतल खरीदी, जिसकी एमआरपी 20 रुपये थी और 40 रुपये लिए गए। मैंने बिल मांगा तो साफ मना कर दिया गया। यह टूरिस्ट के साथ धोखा है। -रोहित शर्मा, स्थानीय निवासी
हम यहां वर्षों से दुकान चला रहे हैं। अगर एक कॉर्नर इस तरह नियम तोड़ेगा तो पूरे मोरनी की छवि खराब होगी। अगर भविष्य में इस प्रकार की शिकायत आई तो कानूनी कार्यवाही के लिए न्यायालय का सहारा लेना पड़ेगा। सरकार को तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए।-हेमंत भींवर, एडवोकेट
पहले भी जूस कॉर्नर पर अधिक रेट की शिकायत आई है। कई सैलानियों ने मौखिक तौर पर शिकायत की है। उच्च अधिकारियों को कार्यवाही के लिए लिखा जाएगा ताकि मोरनी आने वाले किसी भी सैलानी को असुविधा न हो।
-दर्शन पाल आनंद, मोरनी इंचार्ज, पर्यटन निगम