सर्दियों की छुट्टियों में विश्व धरोहर में शामिल कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर रोमांचक सफर का प्लान बना रहे सैलानियों की सुविधा के लिए रेलवे विभाग द्वारा बुकिंग पर स्पेशल रेल मोटरकार, सीटी-14 झरोखा कोच व आरए-100 शुरू की जा रही है। ये तीनों 16 नवंबर से 15 जनवरी तक कालका-शिमला ट्रैक पर दौड़ेंगे।
सीनियर डीसीएम अंबाला हरी मोहन ने बताया कि यात्रियों की मांग को देखते हुए व कालका-शिमला रेल सेक्शन पर पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। सर्दियों की छुट्टियों के मद्देनजर आरए-100, सीटी-14 झरोखा कोच व रेल मोटर को कालका-शिमला रेलवे सेक्शन पर चलाया जाएगा।
आरए-100 में 8, सीटी-14 झरोखा कोच में 8 और रेल मोटर कार में 12 यात्री सफर कर सकते हैं। डीसीएम ने बताया कि इसके लिए कालका व शिमला रेलवे स्टेशनों से टिकटें खरीदी जा सकती हैं।
इस प्रकार होगा इनका किराया
उन्होंने बताया कि आरए-100 में सफर करने के लिए प्रति यात्री 2200 रुपये, सीटी-14 झरोखा कोच में प्रति यात्री 3500 व रेल मोटर कार में प्रति यात्री को 1600 रुपये किराया देना होगा। तीनों सेवाएं यात्रियों की मांग पर उपलब्ध होंगी। आरए-100 तथा सीटी-14 को न्यूनतम 6 और रेल मोटर कार में न्यूनतम 8 यात्रियों द्वारा टिकट बुक करने पर 2 घंटे की भीतर रवाना कर दिया जाएगा।
वहीं एक बार बुक की गई टिकट रद्द नहीं करवाई जा सकेगी, लेकिन न्यूनतम यात्रियों की संख्या पूरी न होने की दशा में रेलवे द्वारा रवानगी न किए जाने पर बुकिंग कर चुके यात्रियों को पूरी राशि रिफंड कर दी जाएगी। आरए-100 को न्यूनतम 6 यात्रियों द्वारा टिकट बुक करने के 2 घंटे के भीतर या दोपहर 1 बजे जो भी पहले हो, जबकि सीटी-14 झरोखा कोच को सुबह 8:15 बजे अपमिक्स पैसेंजर ट्रेन के साथ रवाना किया जाएगा।