माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। फोन पर बात करते पैदल चल रही महिला से एक्टिवा सवार तीन झपटमारों ने दिनदहाड़े सेक्टर-20 मार्केट में मोबाइल छीन लिया। महिला के शोर मचाने पर मोबाइल छीनकर भाग रहे आरोपियों की एक्टिवा को एक कार चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद एक्टिवा सवार तीनों बदमाश गिर गए। इसके बाद वे पैदल गांव फतेहपुर की तरफ भाग गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की टीम भी लगाई है।
पुलिस को दी शिकायत में हिल व्यू ढकोली गली नंबर-1 जीरकपुर निवासी अंजलि ने बताया कि वह केंद्रीय विद्यालय में कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर के तौर पर ठेके पर काम करती है। दो नवंबर की शाम 4.10 बजे वह ससुराल पिंजौर से अपने मायके ढकोली जा रही थी। वह सेक्टर-20 की लाइटों से ऑटो से उतरकर पैदल ही मार्केट से होकर जा रही थी। वह अपनी मां से फोन पर बात करते जा रही थी। जैसे ही वह सेक्टर-20 के मार्केट के पेट्रोल पंप के पास पहुंची। पीछे से एक्टिवा में सवार तीन झपटमार आए और उसके हाथ से मोबाइल छीनकर भाग गए। शोर मचाने पर एक कार चालक ने पीछा कर थोड़ी दूरी पर उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
पुलिस उपायुक्त अपराध और यातायात वीरेंद्र कुमार सांगवान ने बताया कि दोपहर बाद 4.10 बजे कंट्रोल रूम में महिला से स्नैचिंग की सूचना मिलने पर स्निफर डॉग की टीम ने मौके का मुआयना किया। आरोपियों की स्कूटी, चप्पल और अन्य सामान सुंघाकर उनका रूट चेक किया जा रहा है। संबंधित क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मौके पर मिली स्कूटी और अन्य सामान के आधार पर स्निफर डॉग की टीम उनका पता लगा रही है। इसके अलावा क्राइम ब्रांच सेक्टर-19, क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 और सेक्टर-20 थाने की टीमें मामले की जांच में लगी हैं।