पंचकूला। मर्सिडीज कार लूटकांड की गुत्थी सुलझाते हुए पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच-26 ने बड़ी सफलता हासिल की है। डीसीपी क्राइम अमित दहिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस सनसनीखेज मामले में मास्टरमाइंड समेत तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इनमें लुटेरा गिरोह का मास्टरमाइंड दारा सिंह निवासी रूपनगर, पंजाब भी दबोचा गया है, जो इससे पहले भी हत्या की कोशिश, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 32 आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।
पुलिस ने तीनों लुटेरों से लूटी गई मर्सिडीज कार, वारदात में इस्तेमाल एमेज कार, रोज गोल्ड चेन, दो आईफोन, घड़ी, एप्पल ईयरबड्स और एक डमी पिस्टल बरामद की है। इस सामान की कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई है। डीसीपी ने बताया कि ये आरोपी जमानत पर बाहर थे और लूटी गई संपत्ति को जल्द बेचने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने इनको गिरफ्तार कर समान बरामद कर लिया है।
डीसीपी क्राइम अमित दहिया और एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि 1 जुलाई को आरिफ शेख अपनी मर्सिडीज कार से सेक्टर-3 पीर बाबा पहुंचा था, जहां एक कार में आए तीनों लुटेरों ने उसकी कार को रोका। उसे जबरन अगवा कर पिंजौर-नालागढ़ की ओर ले गए और रास्ते में उससे मर्सिडीज कार, दो आईफोन, एक महंगी घड़ी, सोने की चेन और अन्य कीमती सामान लूटकर उसे रास्ते में छोड़कर भाग गए थे। सेक्टर-5 थाने में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने 7 जुलाई को गुप्त सूचना पर दो आरोपियों सुखजीत सिंह उर्फ साबी (33) और सुखबीर सिंह उर्फ सुखी (29) को गिरफ्तार किया था। दोनों पंजाब के रहने वाले हैं। पूछताछ में सामने आया कि दोनों पहले जेल में मास्टरमाइंड दारा सिंह के साथ रह चुके थे।
क्राइम ब्रांच-26 की टीम में इंस्पेक्टर दलीप सिंह के नेतृत्व में एसआई विजय, एसआई राकेश, एएसआई विक्रांत, राजेश, नीरज, मुख्य सिपाही परवेश, सुरेश, सिपाही मोहनदीप और साहिल शामिल थे। डीसीपी ने सभी की सराहना कर कहा कि पूछताछ में अन्य वारदातों के खुलासे हो सकते हैं।