पंचकूला। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी के दृष्टिगत सेक्टर- 5 के परेड ग्राउंड में 16 जून से 18 जून तक आयुष विभाग की ओर से योग प्रोटोकॉल रिहर्सल कराई जाएगी। यह अभ्यास सुबह 6 से 7:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। यह अभ्यास विशेष रूप से जिला में निवास करने वाले मंत्रियों, विधायकों, निर्वाचित सदस्यों (नगर निगम पार्षद, जिला परिषद के सदस्यों, ब्लॉक समिति सदस्य और अन्य निर्वाचित प्रतिनिधि), सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए है। इस प्रोटोकॉल अभ्यास में आमजन भी भाग ले सकता है।
नियमित योगा करने की अपील
उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने बताया कि जीवनशैली विकारों को रोकने और तनाव प्रबंधन में योग अभ्यास के महत्व पर जोर दिया जाएगा। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन में भी सहायक है। उन्होंने सभी से नियमित योगाभ्यास करने का आग्रह किया और कहा कि इससे हम अपने जीवन को स्वस्थ और संतुलित बना सकते हैं। यह प्रशिक्षण आयुष विभाग के योग विशेषज्ञों व आयुष योग सहायकों, योग समितियों के योग शिक्षकों तथा खेल विभाग के योग प्रशिक्षकों द्वारा दिया जाएगा।