पंचकूला। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की टीम ने वीरवार को सेक्टर-4 में तीन पानी के कनेक्शन काटे। लंबे समय से इन उपभोक्ताओं ने पानी का बिल विभाग में जमा नहीं करवाया था। टीम ने लोगों के घरों में जाकर उनको पानी के बिल जमा करवाने के लिए जागरूक भी किया। पानी का बिल नहीं भरने वाले उपभोक्ताओं पर एचएसवीपी ने सख्ती बढ़ा दी है। करीब एक माह पहले प्राधिकरण ने शहर के सैकड़ों लोगों को नोटिस जारी किए थे।
डिविजन-1 के एक्सईएन अमित राठी के निर्देश और एसडीओ कैलाश काला के मार्गदर्शन में टीम सुबह 10 बजे हरिपुर पहुंची थी। सुपरवाइजर महावीर के नेतृत्व और जेई अशोक की देखरेख में कर्मचारियों ने कार्रवाई शुरू की। कनेक्शन काटने के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। बता दें कि शहर में एचएसवीपी की दो डिविजन हैं। डिविजन एक में 26600 कनेक्शन हैं और डिविजन-2 में 6776 कनेक्शन हैं।
मगर शहर में कई ऐसे लोग हैं, जो कई महीनों से पानी का बिल जमा नहीं करवा रहे हैं। इसी कारण प्राधिकरण का शहर पर करोड़ों रुपये का बिल बकाया है। इसमें घरेलु, व्यावसायिक और उद्योगों के कनेक्शन भी शामिल हैं। शुक्रवार को माजरी गांव में अभियान चलाया जाएगा।