मोहाली। ढकोली पुलिस ने 82वीं बटालियन के हेड कांस्टेबल सहित तीन आरोपियों को 1.8 किलो चरस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों को नशे के खिलाफ शुरू की गई मुहिम के तहत गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपियों से हरियाणा नंबर की एक्टिवा भी बरामद हुई जिसे वह नशा तस्करी में इस्तेमाल करते थे।
एसएसपी दीपक पारीक ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी ढकोली एरिया में नौजवानों को चरस सप्लाई करते थे। आरोपियों की पहचान गुरजीत सिंह उर्फ मनी उर्फ गंजी निवासी माड़ीवाला टाउन मनीमाजरा, दविंदर कुमार निवासी गांव जटौली नूरपुर बेदी जिला रोपड़ और अंकुश पाल निवासी गांव कोटला खुर्द निवासी ऊना हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी दविंदर कुमार पंजाब पुलिस का हेड कांस्टेबल है।
आरोपियों को 6 मार्च को ढकोली एरिया से उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह चरस की सप्लाई देने के लिए आए थे। उनके खिलाफ ढकोली थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गुरजीत सिंह है हिस्ट्री शीटर
एसएसपी ने बताया कि गुरजीत सिंह उर्फ मनी हिस्ट्री शीटर है। उसके खिलाफ वर्ष 2024 में थाना धाली शिमला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। वहीं आरोपी अंकुश के खिलाफ भी 5 जुलाई, 2024 को उक्त थाने में ही एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ढकोली व उसके आसपास खासकर युवाओं को चरस सप्लाई करते थे। तीनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं, जिनसे उनके नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि इस गिरफ्तारी के अलावा भी मोहाली पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ शिकंजा कसा हुआ है। पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापे मारकर कई नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से बड़ी मात्रा में नशा बरामद हुआ है।