माई सिटी रिपोर्टर-संवाद
पंचकूला/कालका। कालका में टैक्सी चालक सुखविन्द्र सुखी की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी रविन्द्र, लाडी और पोढा उर्फ नैब को कालका-पिंजौर रोड के समीप रेलवे लाइन से गिरफ्तार कर किया गया है। पुलिस तीनों आरोपियों को रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर रिमांड की मांग करेगी। घटना के बाद पुलिस ने पांच टीमें गठित कर आरोपियों की धर-पकड़ शुरू कर दी थी। मामले में पुलिस जगह-जगह छापे मार रही थी। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ लोगों से पूछताछ भी कर रही थी।
पुलिस अधिकारी सुरजीत सिंह के अनुसार मृतक ने बद्दी की एक निजी कंपनी में कर्मियों को पिक और ड्रॉप करने के लिए अपनी निजी गाड़ी लगाई थी। वीरवार को वह रोजाना की तरह बद्दी से सवारियां लेकर पिंजौर से होकर कालका पहुंचा था। जैसे वह आखिरी सवारी उतारने के लिए पहुंचा तो उसके पीछे से एक बाइक पर आए तीन नकाबपोश युवकों ने तेज धार हत्यारों से हमला कर दिया था। सुरजीत ने बताया कि मृतक सुखविन्द्र की गाड़ी पर जैसे ही हमला हुआ वह अपनी गाड़ी से बाहर निकलकर भागने लगा। स्वयं को बचाने का प्रयास किया लेकिन हमलावरों ने पीछे से उस पर हमला कर दिया। इसमें वह बुरी तरह घायल हो गया। पुलिस ने उसको कालका अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
वीरवार को कालका में हुई हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनको ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी। -जोगिन्द्र शर्मा, एसीपी कालका