पंचकूला। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सोमवार को पंचकूला नगर निगम चुनाव के प्रचार अभियान में तेजी लाते हुए भाजपा के मेयर प्रत्याशी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों के पास पहले शहर की सड़कों के निर्माण का ठेका था और जिनके कार्यकाल में सड़कें बनते ही टूट गईं, वे आज मेयर बनकर शहर के विकास का सपना दिखा रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज और सभी 20 वार्ड पार्षदों के समर्थन में वोट की अपील करते हुए दावा किया कि हरियाणा की जनता अब बदलाव चाहती है। यह बातें हुड्डा ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहीं। इस दौरान उनके साथ सांसद वरुण मुलाना, पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन बिश्नोई और मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
हुड्डा ने प्रदेश सरकार को कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर घेरा। उन्होंने पंचकूला की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रदेश की राजधानी से सटे इस महत्वपूर्ण शहर की पहचान आज टूटी सड़कों और घोटालों से जुड़ गई है। उन्होंने निगम में हुए 160 करोड़ रुपये के एफडी घोटाले का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के मामलों में केवल छोटे कर्मचारियों को ही जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी के ट्रिपल इंजन सरकार के दावे पर पलटवार करते हुए हुड्डा ने इसे फेल इंजन करार दिया। उन्होंने कहा कि 2014 में जो प्रदेश 60 हजार करोड़ रुपये के कर्ज में था, वह आज 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है। उन्होंने फरीदाबाद और पंचकूला में कथित घोटालों का भी उल्लेख किया।