चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने वीरवार को एलान किया कि राज्यभर में आगामी 1 मई से 18 से 45 वर्ष के आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने यह भी यकीनी बनाने को कहा कि राज्य की सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में टीकों की सप्लाई मुफ्त की जाएगी।
कोविड-19 की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के लिए बुलाई उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने टीकों की सीमित सप्लाई की आशंका के मद्देनजर विशेषज्ञों का समूह बना दिया है। इसमें प्रसिद्ध वायरोलॉजिस्ट डॉ. गगनदीप कंग, सीएमसी वेलोर के कम्यूनिटी हेल्थ के प्रोफेसर डॉ. जैकब जोहन और पीजीआई के जन सेहत विभाग स्कूल के पूर्व प्रमुख डॉ. राजेश कुमार को शामिल किया गया है। यह ग्रुप 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग में प्राथमिकताओं के लिए सुझाव देगा। इस समूह को टीकाकरण संबंधी रणनीति बनाने और राज्य में महामारी के कारण पैदा हुई चुनौतियों से मुकाबले की एक विस्तृत योजना एक सप्ताह में सौंपने को कहा है।
बैठक में शामिल वायरोलॉजिस्ट डा. गगनदीप कंग ने लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, मोहाली और पटियाला जैसे अधिक मामलों वाले शहरों की भौगोलिक स्थिति को भी आधार बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि मेडिकल जरूरत और अध्यापकों आदि जैसे पेशेवर समूहों को भी आधार बनाकर प्राथमिकताएं तय की जाएं।
कोविशील्ड की 4 लाख डोज की खेप पंजाब पहुंची
मुख्यमंत्री को बताया गया कि वीरवार को पंजाब को कोविशील्ड की 4 लाख डोज केंद्र से प्राप्त हो गई हैं। टीकाकरण मुहिम की गति को देखते हुए ये डोज भी केवल तीन या चार दिनों तक ही चलेंगी।