बिखरे सामान को दिखाते ग्रामीण।
- फोटो : PKL OFFICE
बरवाला। नया गांव में दो घरों को निशाना बनाकर चोर लाखाें रुपये के जेवर और 70 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज से बचने के लिए चोरों ने एक घर के बाहर गेट और आंगन में लगे सीसीटीवी कैमरों की तार भी काटी, लेकिन एक सीसीटीवी पर नजर नहीं पहुंचने के कारण चोर उसमें कैद हो गए।
नया गांव वासी जोगिन्द्र सिंह और उनकी पत्नी परमजीत कौर ने बताया कि उनके परिवार के सदस्य अलग-अलग कमरों में सोए थे। बुधवार रात को चोर दीवार फांदकर उनके आंगन में घुसे। सबसे पहले घर के आंगन में गेट और घर की दीवार पर लगी सीसीटीवी कैमरों की तार काटी। इसके बाद घर के अंदर स्टोर में घुसकर ट्रंक, पेटी और अलमारी के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवर करीब 70 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। जब वे सुबह उठे तो घर के स्टोर में रखा सामान बिखरा था, और जेवर व नकदी गायब थी। चोर मोंटी के ऊपर लगे कैमरे की तार काटना भूल गए, इस कारण वे सीसीटीवी की फुटेज में कैद हो गए। चोरों ने अपने मुंह कपड़े से ढांप रखे थे। इसके बाद चोरों ने शमशेर सिंह के घर की दीवार फांदकर घर के स्टोर में रखे ट्रंक, पेटी और अलमारी के ताले तोड़कर गहने चोरी कर लिए। इस वारदात की सूचना तुरंत बरवाला पुलिस चौकी को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
पुलिस की नहीं होती गश्त
ग्रामीणों का आरोप है कि रात को गांव में पुलिस की गश्त नहीं होती है। ग्रामीणों ने पुलिस विभाग से लोगों की सुरक्षा के लिए कस्बे में तैनात पीसीआर और पुलिस बाइक को गांवों में गश्त करने के लिए भेजने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि लोग थक हारकर रात को सो जाते हैं, जबकि चोर अपना काम कर जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव का सरकारी भैंसा भी तीन दिन पहले चोरी हो चुका है। उसकी ग्राम पंचायत और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर तलाश की लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।