चंडीगढ़। पंजाब सरकार का आरोप है कि भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) में बाहरी जीएम लगाने की तैयारी की जा रही है जिसका विरोध होगा। सीएम भगवंत मान ने इसे लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है और मामले में दखल देने की मांग की है।
मान ने कहा कि एफसीआई की स्थापना से ही यह प्रचलन रहा है कि इस महत्वपूर्ण पद पर पंजाब कैडर का आईएएस अधिकारी तैनात रहा है। पंजाब में एफसीआई का कार्य राज्य की कृषि व्यवस्था और राष्ट्रीय खाद्य खरीद प्रणाली से गहराई से जुड़ा हुआ है। पंजाब कैडर के अधिकारी राज्य की खरीद, भंडारण और वितरण प्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव रखते हैं इसलिए यहां बाहरी अधिकारी की तैनाती सही नहीं होगी।
मान ने कहा कि पंजाब कैडर के उपयुक्त आईएएस अधिकारियों का एक पैनल विचार के लिए केंद्र सरकार को भेजा गया था। पहले पैनल को स्वीकृत नहीं किया गया जिसके बाद संशोधित पैनल भेजा गया। अब उन्हें जानकारी मिली है कि इस पद के लिए अन्य कैडर के आईएएस अधिकारी के नाम को मंजूरी दी है जो गलत है।