पंचकूला। सेक्टर-20 पार्श्वनाथ सोसाइटी में नियमों को ताक पर रखकर एक बिल्डर फ्लैट बेच रहा है। बिल्डर सात एकड़ में बने फ्लैटों के नाम पर लोगों से लाखों रुपये वसूल चुका है, लेकिन आज भी कागजों में लोग फ्लैट के मालिक नहीं हैं। सुविधाओं के नाम पर सोसाइटी के लोग त्रस्त हैं। बिजली का स्थायी कनेक्शन नहीं होने से लिफ्ट समेत अन्य सुविधाओं का लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। बिल्डर ने नौ टावरों में सोसाइटी के अंदर करीब 320 फ्लैट बनाए हैं।
इसमें करीब 110 से ज्यादा फ्लैट बिल्डर बेच चुका है। हरेरा ने सोसाइटी के फ्लैटों की बिक्री पर स्टे लगाया है, लेकिन कोट के नियमों की धज्जियां उड़ाकर बिल्डर प्रशासनिक अधिकारियों के सह पर फ्लैट बेच रहा है। मामला संज्ञान में होने के बाद भी टाउन कंट्री प्लानिंग विभाग के जिला और राज्य स्तरीय अधिकारियों ने सोसाइटी को आज तक सील नहीं किया है।
बिल्डर समेत छह दर्ज हुआ था पर धोखाधड़ी का केस
सेक्टर-1 के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में 10 जुलाई 2024 को आयोजित ग्रीवेंसेज कमेटी की बैठक में बिल्डर के खिलाफ सोसाइटी के स्थानीय लोगों ने शिकायत दी थी। इस पर संज्ञान लेकर तत्कालीन विधान सभा अध्यक्ष ने बिल्डर के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश दिए थे। इसके बाद पंचकूला पुलिस ने एक माह बाद 29 अगस्त 2024 में बिल्डर सहित छह लोगों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था।
लिफ्ट खराब रहती है
सोसाइटी के अंदर अस्थायी बिजली का कनेक्शन है। अक्सर यहां बिजली कट लगता है। लिफ्ट एक बार खराब हो जाती है, तो कई दिनों तक नहीं बनती है। लिफ्ट खराब होने की वजह 2023 में सीढि़यों से छठी मंजिल पर जा रहे बुजुर्ग की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। - प्रवीण कुमार, निवासी टावर नंबर-5
पजेशन नहीं मिला
2006 में प्रोजेक्ट को लेकर प्लानिंग शुरू हुई और 2014 में ऑक्युपेशन के लिए आवेदन किया गया। सोसाइटी में कुल नौ टावर बने हैं। हर टावर 9 से 10 मंजिल है। इसमें कुल 344 फ्लैट हैं। सोसाइटी में 110 फ्लैटों में लोग रह रहे हैं। फ्लैट की पूरी पेमेंट कर दी है। अलॉटियों को 2014 में पजेशन दिया जाना था, लेकिन आज तक नहीं मिला। -अनिल बंसल, निवासी टावर-5, फ्लैट नंबर-701
नहीं है सीवरेज कनेक्शन
सोसाइटी में सीवरेज का कनेक्शन नहीं है, बिजली का कनेक्शन अस्थायी दिया गया है, एक माह से ज्यादा अस्थायी बिजली का कनेक्शन नहीं दिया जा सकता। यहां अक्सर लिफ्ट खराब रहती है। उसे ठीक नहीं करवाया जाता। सबसे बड़ी परेशानी ऊपरी मंजिल पर रहने वाले लोगों को उठाना पड़ता है। -सुनील अवस्थी, सोसाइटी निवासी।
अवैध तरीके से दी पजेशन
बिल्डर ने 110 लोगों को बिना ऑक्युपेंसी सर्टिफिकेट (ओसी) अवैध तरीके से पजेशन दे दिया है। सरकार और संबंधित विभागों से मांग है कि बिल्डर पर समय पर प्रोजेक्ट का काम करने का दबाव बनाया जाए। साथ ही बिल्डर और उसके नुमाइंदों पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। - देवेंद्र पुनिया, निवासी फ्लैट नंबर-601, टावर नंबर-3
नौ में से महज तीन टावरों के पास ही फायर एनओसी पार्श्वनाथ सोसाइटी के पास हैं। इसके लिए पहले बिल्डर को नोटिस जारी किया गया था। अगले सप्ताह बिल्डर को नोटिस जारी करेंगे। कुछ माह पहले सोसाइटी के अंदर आग लगी तो नोटिस के लिए विभाग के अधिकारी गए थे, लेकिन मौके पर कोई मिला नहीं। - तरसेम, फायर अधिकारी, दमकल विभाग पंचकूला
चार दिन पहले पंचकूला डीटीपी का चार्ज संभाला है। बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई के लिए मुख्यालय को पत्र लिखा गया है। केस के स्टेटस के संबंध में जांच के बाद ही बता पाऊंगा। - संजय नारंग, डीटीपी पंचकूला
आकाश सक्सेना
आकाश सक्सेना
आकाश सक्सेना