संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। हिमशिखा कॉलोनी में लगातार तीन दिनों तक एक कार्यालय में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को डिटेक्टिव स्टाफ ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कार्यालय से निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली मशीनें, विंडो एसी और अन्य सामान चोरी कर लिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों से चोरी का सामान बेचकर प्राप्त किए गए 20 हजार रुपये बरामद किए हैं। दोनों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पिंजौर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनका कार्यालय हिमशिखा कॉलोनी में स्थित है, जहां 12 से 14 अप्रैल 2026 के बीच लगातार चोरी की घटनाएं हुईं। शिकायतकर्ता के अनुसार 12 अप्रैल को निर्माण कार्य में प्रयोग होने वाली मशीन का मोटर चोरी हुआ। इसके अगले दिन एलजी कंपनी का डेढ़ टन का विंडो एसी चोरी कर लिया गया, जबकि 14 अप्रैल को वाटर डिस्पेंसर, बिजली की तारें और अन्य सामान चोरी हो गया था।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने अपने स्तर पर भी चोरों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान रशीद अली उर्फ लाखा (31) और नसीरूदीन (30) निवासी गांव टिब्बी बक्शीवाला, पिंजौर के रूप में हुई है।