धनास में घरों के ताले तोड़कर एलसीडी, आभूषण, मोबाइल और रुपये चोरी करने के आरोपी को सारंगपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान धनास निवासी इरशाद अली उर्फ आंडिया के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से गहने, 6 मोबाइल, एलसीडी समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को जिला अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड लिया है।
बीते 27 फरवरी को पुलिस को दी शिकायत में धनास की ईडब्ल्यूएस कालोनी निवासी शिव कुमार ने बताया था कि किसी ने उसके घर से 10 हजार नकदी, सोने की एक चेन चोरी कर ली है। वहीं, 30 अप्रैल को मनोज कुमार ने शिकायत में बताया था कि उनके घर से दो जोड़े चांदी की पाजेब, दो मंगलसूत्र, कानों के झुमके व एक फोन चोरी कर लिया है। इसके अलावा एक अन्य केस में एलसीडी चोरी का मामला सामने आया है। इन सभी मामलों में सारंगपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया।
इसके बाद थाना प्रभारी राम रतन शर्मा ने टीम का गठन कर आरोपी इरशाद को दबोच लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चांदी की पाजेब, मंगलसूत्र, सोने की चेन, तीन एलसीडी के अलावा छह मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ इससे पहले भी सारंगपुर थाने में चोरी का केस दर्ज है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ में जुटी हुई है।