कालका। रेलवे रोड स्थित साथ-साथ लगती चार दुकानों पर वीरवार-शुक्रवार की मध्यरात्रि चोरों ने धावा बोल दिया। हालांकि वे दो ही दुकानों से नकदी चुराने में सफल हुए। प्रियंका स्मार्ट शॉप में लगे सीसीटीवी कैमरे में दुकान में घुसने से लेकर निकलने तक की पूरी वारदात कैद हो गई। शुक्रवार सुबह चोरी का पता लगते ही उक्त दुकानों के आगे लोगों की भीड़ एकत्रित होने लगी।
प्रियंका स्मार्ट शॉप के मालिक मुकेश सचदेवा ने बताया कि वह वीरवार रात करीब साढ़े 9 बजे दुकान बंद कर परेड मोहल्ला स्थित अपने घर चले गए थे। चोर चौथी मंजिल से दुकान में घुसे थे। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे जब वह दुकान पर पहुंचे तो गल्ले में पड़े करीब 25-30 हजार रुपये गायब थे।
वहीं मुकेश सचदेवा की दुकान से दो दुकानें छोड़कर श्री गणेश क्लाथ हाउस पर चोरों ने दुकान मालिक संजय गोयल द्वारा गल्ले में रखे मंदिर के करीब सात सौ रुपये चुरा लिए। उसकी दुकान का गल्ला चौथी मंजिल पर छोड़ चोर फरार हो गए। वहीं, श्री कृष्णा क्लाथ हाउस और हनी आर्मी व जनरल स्टोर पर चोरों के हाथ कुछ नहीं लगा।
3 अक्तूबर को भी हुई थी चोरी
श्री गणेश क्लाथ हाउस के संजय गोयल ने बताया कि गत 3 अक्तूबर को भी उनकी दुकान समेत हनी आर्मी व जनरल स्टोर, दीपक क्लाथ हाउस में भी चोरी हुई थी। उस समय उनकी दुकान के गल्ले से 35-40 हजार रुपये चोरी हुए थे। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस अगर उस दिन कार्रवाई करती तो शायद आज चोरी नहीं होती। चोर उस दिन भी चौथी मंजिल के दरवाजे को बेंड कर दुकान में दाखिल हुए थे।
पहली बार सफल नहीं हुए तो दूसरी बार आए
प्रियंका स्मार्ट शॉप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में दिख रहा है कि चोर पहले रात तीन बजकर 38 मिनट पर दुकान की चौथी मंजिल पर लगे लोहे का दरवाजा खोलने की ट्राई करते हैं, जिसमें वह सफल नहीं हो पाते। इसके बाद दोबारा सुबह 5 बजकर एक मिनट पर एक चोर और 5 बजकर चार मिनट पर दूसरा चोर प्रियंका स्मार्ट शॉप की चौथी मंजिल पर लगे दरवाजे को नीचे से बेंड करके अंदर घुसता है। चोरों के हाथ में दो औजार हैं। इसके बाद मोबाइल के टॉर्च की रोशनी में नीचे पहुंचते हैं और उसके बाद ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचकर गल्ले में से नकदी चोरी कर 5 बजकर 38 मिनट पर चौथी मंजिल से ही फरार हो गए।
शुक्रवार की चोरी के मामले में पुलिस ने दुकानदारों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
- रमेश गुलिया, एसीपी कालका।