पंचकूला। सेक्टर-14 के सरकारी क्वार्टर में शनिवार दोपहर एक फ्लैट का ताला तोड़कर चोर लाखों का सामान चोरी कर ले गए। घटना उस समय हुई जब शिकायतकर्ता अपनी पत्नी को मोहाली में आयोजित स्टाफ सेलेक्शन कमीशन की परीक्षा दिलवाने गया था। सेक्टर-14 थाना पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-14 निवासी प्रवीन ने दी शिकायत में बताया कि वे 22 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे घर से मोहाली के लिए निकले थे और शाम 4 बजे वापस लौटे। जब वे घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो दोनों कमरों की अलमारियों के लॉक टूटे थे और उनमें रखी कीमती वस्तुएं गायब थीं। चोर सोने की एक अंगूठी, दो सोने के सिक्के, और 10-10 रुपये के नोटों की लगभग 15 हजार की गड्डी चोरी कर ले गए।
शिकायतकर्ता ने बताया कि ये नोट उन्होंने अपने चचेरे भाई की शादी में उपयोग के लिए पिछले तीन महीने से इकट्ठा किया गया। इसके अलावा उन्होंने कुछ गोल्ड भी खरीदा था जिसके दस्तावेज उनके पास मौजूद है। सेक्टर-14 थाना पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश में जुटी है।