भगवान के शृंगार में इस्तेमाल होने वाले मंगलसूत्र, नथ और कमरबंद चोरी, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-12ए स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई है। चोर मंदिर से सोने-चांदी के आभूषण और धार्मिक सजावटी सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना का पता बुधवार सुबह तब चला, जब मंदिर प्रबंधन ने पूजा स्थल की जांच की।
मामले की सूचना मिलते ही सेक्टर-14 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मंदिर प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
शिकायत के अनुसार, चोर मंदिर से दो सोने के मंगलसूत्र चेन, एक सोने की नथ, एक चांदी की कमरबंद और दो काले मोतियों वाले मंगलसूत्र चोरी कर ले गए, जिनमें सोने के पेंडेंट लगे हुए थे। इसके अलावा पीतल से बने मुकुट, हाथ और कान से संबंधित धार्मिक सजावटी सामान भी गायब मिला। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, चोरी हुआ सामान भगवान की प्रतिमाओं के शृंगार में इस्तेमाल किया जाता था। घटना के बाद मंदिर में श्रद्धालुओं और प्रबंधन में रोष है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।