संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-21 में एक आम के बाग में देर रात ढकोली के आकाश (25) की चाकुओं से गोदकर और सिर पर रॉड से वार कर हत्या कर दी गई। वीरवार रात करीब डेढ़ बजे किसी राहगीर ने खून से लथपथ शव देख पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सेक्टर-5 थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शुक्रवार को सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पहचान आकाश पुत्र चंद्रशेखर के रूप में हुई है, जो अंबेडकर कॉलोनी, ढकोली जीरकपुर निवासी है। पुलिस ने मृतक के भाई सूरज के बयान पर मामले में राजवीर उर्फ ब्लैकिया और मोहित उर्फ मुंसी निवासी सेक्टर-12 ए गांव रैली और पंकज निवासी सेक्टर-10 पर हत्या का केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार मृतक आकाश बीते कुछ समय से हत्या के मामले में बेल पर था और नशे का आदी था।
भाई से 200 रुपये लेकर घर से निकला था आकाश
आकाश के बड़े भाई सूरज ने बताया कि वह वीरवार शाम करीब 8 बजे अपने दोस्त अंकित उर्फ बिल्ला के साथ 200 रुपये लेकर घर से निकला था। जब घर नहीं लौटा तो मां ने रात करीब 11 बजे उसे फोन किया। आकाश ने बताया कि वह अंकित के साथ है और जल्द घर लौट आएगा। जब अंकित रात 12 बजे तक घर नहीं लौटा तो उसकी मां को फिक्र होने लगी। उसने रात करीब एक बजे दोबारा आकाश को फोन किया। इस बार आकाश का फोन अंकित ने उठाया और कहा कि आकाश को चोट लगी है। इसके बाद से अंकित से परिजनों की बात नहीं हुई और उसका फोन बंद हो गया।
आरोप, पुरानी रंजिश में गई जान
मृतक के भाई सूरज ने बताया कि छठ पूजा के दौरान कुछ युवकों ने उसके सबसे छोटे भाई दीपक से मोबाइल छीनने की कोशिश की थी। इस मामले की शिकायत पुलिस को दी गई थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि इसी रंजिश में उसके छोटे भाई आकाश की हत्या की गई है। सूरज के अनुसार आकाश के सिर पर रॉड या किसी भारी चीज से वार किया गया। उसकी छाती और हाथ पर भी चाकुओं के कई निशान थे। पूरा शरीर खून से सना हुआ था।
दो साल की बेटी और पत्नी को छोड़ गया आकाश
तीन साल पहले आकाश की शादी हुई थी। उसकी एक दो साल की बच्ची और पत्नी है। आकाश अपनी जीविका चलाने के लिए घरों में कांच के ग्लास और खिड़की लगाने का काम करता था। उसकी हत्या की सूचना के बाद पत्नी अंजली का बुरा हाल है। मां की आंखों में आंसू देख बेटी जानवी अपनी मां से पिता के बारे में बार-बार पूछ रही है। आकाश की मां को जब से सूचना मिली है कि उसके बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। वह बेसुध पड़ी है।
कोट
हत्या के बाद राजवीर उर्फ ब्लैकिया और मोहित उर्फ मुंसी निवासी सेक्टर-12 ए गांव रैली और पंकज निवासी सेक्टर-10 पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है। राहुल, इंचार्ज सेक्टर-21 पंचकूला।