समापन समारोह में शिरकत करते लोग। संवाद
पंचकूला। नगर निगम पंचकूला के सौजन्य से सेक्टर-5 इंद्रधनुष ऑडिटोरियम परिसर में एक कार्यशाला का समापन समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यशाला 6 से 28 जनवरी तक चली। समापन समारोह में चेयरमैन पीके दास ने कहा कि कार्यशाला में शामिल विद्यार्थियों की प्रस्तुति अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि 25 दिवसीय कार्यशाला में तैयार दोनों नाटक धरती करे पुकार... और जिंदगी ना मिलेगी दोबारा... विषय प्रधान नाटक है।
इन नाटकों की प्रस्तुति ट्राई सिटी के साथ-साथ हरियाणा के विविध जिलों में भी नवजागरण का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पंचकूला का बालमन रंगमंच के संस्कार से बेहतर अभिनेता होने की संभावना को साकार कार रहा है। पंचकूला की पुलिस उपायुक्त हिमाद्री कौशिक ने कहा कि सड़क सुरक्षा हमारे समय के युवाओं के लिए बड़ी चुनौती है। कार्यशाला में तैयार नाटक जिंदगी ना मिलेगी दोबारा समाज के सभी वर्गों को जागृत करने का माध्यम बनेगा। यह आयोजन निगम आयुक्त अपराजिता के मार्गदर्शन में और एचएसवीपी, हरियाणा पुलिस और शिक्षा विभाग के सानिध्य में आयोजित किया गया।
नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा नई दिल्ली से आए प्रख्यात रंगकर्मी राजीव गौड़ सिंह ने कहा कि रंगमंच बचपन में जादू सा असर छोड़ता है। कार्यशाला की शिविर निर्देशक रीता राय ने कहा कि यह 25 दिवसीय कार्यशाला दो प्रस्तुतियों का आधार बनी है। इस अवसर पर पंचकूला के जिला शिक्षा अधिकारी सतपाल कौशिक एवं जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी संध्या ने सुबह चित्रकला शिविर का उद्घाटन किया।