संवाद न्यूज एजेंसी
बठिंडा/अबोहर/अमृतसर। जिले के कुछ इलाकों में हुई हल्की वर्षा के बाद मौसम सुहाना हो गया है। बठिंडा, अबोहर और अमृतसर में बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत मिल गई। वर्षा से फसलों को काफी फायदा होगा। बुधवार को जिले में 1.4 एमएम वर्षा हुई। वीरवार सुबह कुछ इलाकों में हल्की वर्षा हुई और शहर में बूंदाबांदी हुई।
वीरवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। सुबह ही कुछ इलाकों में हल्की वर्षा शुरू हो गई। वीरवार को दिनभर बादल छाए रहे और बूंदाबांदी होती रही। वर्षा के बाद जिले के तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिली है। इससे पहले कई दिनों तक जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप रहा। जिसके चलते शहर में आधा दर्जन लोग गर्मी से बेहोश हो गए। गर्मी व उमस के कारण अधिकतर किसानों ने धान की रोपाई शुरू नहीं की थी।
जिले में आने वाले दिनों में हल्की वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को जिले में अधिकतम तापमान 34.2 व न्यूनतम 28.6 डिग्री दर्ज किया गया, वीरवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री व न्यूनतम 27.2 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 27 जून को 18 एमएम वर्षा हो सकती है, जबकि 28 जून को 7 एमएम व 29 जून को 4 एमएम वर्षा होने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में वर्षा होती है तो यह फसलों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। अमृतसर में पिछले एक सप्ताह से तापमान 40 से 42 डिग्री या इससे अधिक चल रहा था, वीरवार सुबह तेज हवा चली तो मौसम सुहावना हो गया। जिले भर में बारिश से पारा एकदम गिरकर 30 डिग्री पर आ गया।
सीवरेज ब्लाक होने से नहीं निकला पानी
उधर, अबोहर में भी जमकर बारिश हुई और जिससे लोगों ने भयंकर गर्मी से राहत की सांस ली। वहीं शहर के स्लम बस्ती और निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, अबोहर के पटेल पार्क के निकट व जैन नगरी के इलाके में बारिश का पानी भर गया। देर रात से बिजली चली गई, जिससे लोगों को परेशानी हुई। जैन नगरी के गली नंबर 1 के छठे, सातवें,आठवें और नौवें चौक में सीवरेज ब्लॉक होने के कारण बरसात के पानी की निकासी नहीं हो पाई। कई निचली गलियों तो ऐसी भी हैं जहां पानी लोगों के घरों में घुसना शुरू हो गया।