आरोपी की पहचान यूपी के हरदोई निवासी के रूप में हुई है, अंबाला जेल से कुछ दिन पहले बाहर आया था आरोपीमाई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। रात को चोरी करने के बाद दिन में पेड़ पर सोने वाले चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रहने का कोई ठिकाना नहीं होने के कारण आरोपी दिन के समय घग्गर नदी के आसपास छिपकर रहता था। रात को चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद सेक्टर-11 स्थित एक पेड़ पर चढ़कर सो जाता था, ताकि उसको कोई पकड़ ना सके। पुलिस को आरोपी की सेक्टर-15 में हुई चोरी के मामले में तलाश थी। आरोपी पर पहले भी पंचकूला में चोरी करने के मामले दर्ज हैं। उसकी पहचान राजकुमार उर्फ काली चिड़ी जिला हरदोई उत्तर-प्रदेश निवासी के रूप में हुई है। चोरी के मामले में आरोपी अंबाला जेल में बंद था। जनवरी माह में ही बाहर आया था। उसके बाद उसने फिर से चोरी की वारदात को अंजाम देना शुरू कर दिया।
जांच अधिकारी सेक्टर-19 क्राइम ब्रांच इंचार्ज कर्मवीर सिंह ने बताया कि पिछले दिनों आरोपी चाकू लेकर सेक्टर-15 स्थित घर में रात को घुसा। उसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया था। यह सारी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। सेक्टर-15 निवासी प्रशांत अग्रवाल ने दी शिकायत में बताया कि 17 फरवरी की रात को करीब साढ़े तीन बजे एक चोर उनके घर में घुसा और एक मोबाइल फोन, पावर बैंक व 15 हजार रुपये कैश चोरी करके जा रहा था। उसी दौरान उनकी पत्नी की आंखें खुल गईं। उन्होंने चोर को देखा तो शोर मचाया। शोर सुनकर चोर पिछले दरवाजे से बाहर भाग गया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने सीसीटीवी कैमरे को चेक किया तो एक नौजवान अपने हाथ में चाकू लेकर उनके घर में घुसा था। मामले की जानकारी सेक्टर 14 पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को रविवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।