पंचकूला। पिंजौर में अवैध खनन की जांच के लिए गई खनन विभाग की टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया और सरकारी कार्य में बाधा डाली। यह घटना 5 नवंबर को दोपहर लगभग 12:15 बजे सुरजपुर पुल के पास हुई। पुलिस ने इस मामले में जगपाल उर्फ पाली, निवासी गांव सुखोमाजरी व अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार खनन विभाग के कर्मचारी अमन (खनन रक्षक) और हरियाणा स्टेट प्रवर्तन ब्यूरो के पुलिसकर्मी ईएचसी मनीष व ईएचसी अरविंद कुमार अवैध खनन रोकने के लिए गश्त पर थे। इस दौरान उन्हें सुरजपुर पुल के पास मिट्टी से भरा एक टिप्पर मिला। उसमें मौजूद चालक के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं था। टीम ने उसका मोबाइल कब्जे में लिया और चालक से वाहन को अमरावती चौकी ले जाने को कहा तभी आरोपी जगपाल उर्फ पाली, निवासी गांव सुखोमाजरी अपने कुछ अन्य साथियों के साथ वैन्यू कार में आ पहुंचा और टिप्पर के आगे वाहन खड़ा कर दिया।
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने एक अन्य काले रंग की औरा गाड़ी को टिप्पर के पीछे लगाकर रास्ता रोक दिया और कर्मचारियों से हाथापाई की। इसी दौरान टिप्पर चालक ने वाहन का जैक उठाकर मिट्टी खाली कर दी और भाग गया। आरोपियों ने टीम की सरकारी जीप की चाबी भी निकाल ली। बाद में टीम ने किसी तरह स्थिति संभाली लेकिन टिप्पर चालक और जगपाल तब तक भाग चुके थे।
जांच के दौरान चालक के कब्जे से बरामद मोबाइल फोन में अवैध खनन के वीडियो फुटेज भी मिले हैं। खनन विभाग ने मामले में सरकारी कार्य में बाधा डालने, अवैध खनन और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के आरोप में पाली और उसके साथियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।