संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। बुड्ढे दरिया को साफ करने का नाम देकर ताजपुर रोड पर स्थित डेयरियों के पानी को पूरी तरह से रोकने के कारण पिछले कई दिनों से ताजपुर रोड की डेयरियों की गलियों में गंदा पानी भरा पड़ा है। घुटनों तक पहुंचे गोबर और गंदे पानी के कारण डेयरी संचालकों के साथ साथ वहां रहने वाले प्रवासी मजदूरों का बुरा हाल हो रखा है। जहां पशुओं में बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है वहीं मजदूरों की हालत भी खराब हो रही है।
प्रशासन के सिस्टम के खिलाफ ताजपुर रोड डेयरी संचालकों को आखिरकार सड़को पर ही उतरना पड़ा। ताजपुर रोड अमृत धर्म कंडा चौक पर डेयरी संचालकों के साथ साथ प्रवासी मजदूरों ने वहां धरना लगा दिया। जिस कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने के बाद कांग्रेसी नेता सुशील कपूर लक्की और अकाली दल के वार्ड बीस से पार्षद चतरवीर सिंह भी वहां साथियों के साथ पहुंच गए। डेयरी संचालकों ने कहा कि लावारिस हालत में गौवंश मरने को मजबूर हो रहा है। गोबर में गाय फंसी पड़ी है। मशक्कत के साथ उन्हें निकालना पड़ता है। जब प्रशासनिक अधिकारियों से बात करों तो वह सुनवाई नहीं करते। नगर निगम के पदाधिकारी डेयरी संचालकों को मनाने में जुटे है, लेकिन डेयरी संचालक एक ही बात पर अड़े है कि पहले गलियों की सफाई शुरु की जाए और उसके बाद धरना हटाया जाएगा।