चंडीगढ़। पंजाब में गिरते भूजल संकट की जांच और सुधार के उपाय खोजने के लिए गठित की गई पंजाब विधानसभा की विशेष कमेटी ने मंगलवार को अपनी रिपोर्ट स्पीकर राणा केपी सिंह को सौंप दी।
विधानसभा के प्रवक्ता ने बताया कि गत 4 मार्च को सदन में विचार-विमर्श के दौरान भूजल के गिरते स्तर पर चिंता प्रकट करते हुए एक विशेष कमेटी के गठन की मांग की गई थी, ताकि इस गंभीर विषय का विस्तृत अध्ययन करके कमेटी अपनी सिफारिशें दे। इस संबंध में स्पीकर ने 24 मार्च को एक 6 सदस्यीय कमेटी का गठन किया, जिसके सभापति विधायक राणा गुरजीत सिंह को बनाया गया था। कमेटी के अन्य सदस्यों में हरप्रताप सिंह अजनाला, गुरप्रताप सिंह वडाला, हरदेव सिंह लाड्डी, डॉ. राज कुमार चब्बेवाल और गुरमीत सिंह हेयर को शामिल किया गया था।
इस कमेटी का सहयोग जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव सरवजीत सिंह और उनकी टीम द्वारा किया गया। कमेटी द्वारा जल संसाधन विभाग के विशेषज्ञों और इजरायल की कंपनी मैकरोट द्वारा दिए गए सुझावों को भी अपनी रिपोर्ट में शामिल किया गया है। गौरतलब है कि भूजल स्तर ऊंचा उठाने के लिए पंजाब सरकार पहले ही इजरायली कंपनी मैकरोट की सेवाएं ले रही है।
मंगलवार को कमेटी के सभापति राणा गुरजीत सिंह और सदस्यों ने विस्तृत रिपोर्ट स्पीकर को सौंप दी। इस मौके पर स्पीकर राणा केपी सिंह ने कहा कि वह इस रिपोर्ट को सरकार तक पहुंचाएंगे, ताकि इस पर उचित कार्रवाई करवाई जा सके।