पंचकूला। नेशनल हाईवे नंबर- 7 पर माजरी चौक पुल के पास और बंदरघाटी में दो माह पूर्व हुई तेज बरसात के दौरान पहाड़ों से भारी मात्रा में मिट्टी का कटान होकर सड़क पर आ गई थी। बरसात थमने के बाद भी मिट्टी अब तक सड़क पर जमी हुई है जिससे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है और यह हादसों का कारण बन रहा है। आने-जाने वाले लोगों का कहना है कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। कई स्थानों पर मिट्टी अब सूखकर धूल में बदल रही है जिससे न सिर्फ फिसलन का खतरा बढ़ गया है बल्कि दृश्यता (विजिबिलिटी) भी प्रभावित हो रही है। वाहन चालकों व पैदल चलने वालों के लिए यह किसी चुनौती से कम नहीं है। स्थानीय लोगों ने प्राधिकरण से मांग की है कि इस मिट्टी को तुरंत साफ करवाया जाए।
दिक्कत पर कोई ध्यान नहीं दे रहा
बरसात के बाद से सड़क पर मिट्टी जमी हुई है। कई बार ट्रक और बाइक फिसलते-फिसलते बचे हैं। यह एक मुख्य मार्ग है लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। -सुखविंदर सिंह बिट्टू, वाहन चालक
रोजाना आना-जाना, हादसे का डर बना रहता है
मैं सुबह और शाम इस मार्ग का उपयोग करता हूं। सेक्टर- 15 में मिठाई की दुकान है। इस सड़क पर जमा धूल और मिट्टी की वजह से दुकान तक पहुंचना बहुत मुश्किल हो जाता है। रोजाना हादसे का डर भी बना रहता है। - अकबर खान, दुकानदार
बाइक संभालना मुश्किल हो जाता है
बरसात के बाद इस मार्ग पर काफी मिट्टी जमा हो गई है। राजमार्ग पर फिसलन इतनी ज्यादा है कि बारिश या ओस गिरने पर बाइक संभालना मुश्किल हो जाता है।राकेश कुमार, चालक
कई बार वाहन स्लिप होकर गिरते-गिरते बचा
कार्यों के लिए बार बार गुजरना पड़ता है। मिट्टी के कारण कई बार वाहन स्लिप होकर गिरते-गिरते बचा है। यहां से हर रोज काफी संख्या में वीआईपी लोगों का भी आना-जाना लगा रहता है। प्रशासन को इस मार्ग में पड़ी मिट्टी को जल्द हटवाना चाहिए। -नवनीत लुबाना, वाहन चालक