पंचकूला। जागृत ब्राह्मण सभा के चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रधान पद के उम्मीदवार धर्मवीर शर्मा की टीम को लगातार विभिन्न ब्राह्मण संस्थाओं का समर्थन मिल रहा है। इसी कड़ी में ब्राह्मण वेलफेयर सोसायटी सेक्टर-15 के प्रधान सुनील वशिष्ठ ने भी अपनी टीम के साथ धर्मवीर शर्मा को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।
धर्मवीर शर्मा के चुनाव कार्यालय में पहुंचे सुनील वशिष्ठ और उनके साथियों ने कहा कि धर्मवीर शर्मा ने सत्ता से बाहर रहते हुए भी समाज के लिए ऐसे कार्य किए हैं, जो पूर्व कार्यकारिणी को करने चाहिए थे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भगवान परशुराम जन्मोत्सव का आयोजन धर्मवीर शर्मा का सराहनीय प्रयास रहा। उनके प्रयासों से पंचकूला की विभिन्न ब्राह्मण संस्थाओं ने पहली बार मिलकर यह उत्सव मनाया।
विज्ञापन
उन्होंने उम्मीद जताई कि धर्मवीर शर्मा भविष्य में भी सभी संस्थाओं को साथ लेकर चलेंगे। वहीं, शहर ब्राह्मण ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन के प्रधान विजय धारूहेड़ा ने भी धर्मवीर शर्मा के कार्यों को देखते हुए उनकी टीम को समर्थन देने की घोषणा की।
इस मौके पर धर्मवीर शर्मा ने विपक्ष पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन लोगों ने दो साल तक सभा के चुनाव नहीं होने दिए, वे आज फिर से लोगों से वोट मांग रहे हैं। समाज के लोग चुनावी वादों और जमीनी हकीकत को अच्छी तरह समझते हैं।