पंचकूला। बुधवार की शाम करीब 4.30 बजे सेक्टर-11 की मार्केट से घर जा रही 68 साल की महिला के साथ स्नैचिंग हो गई। महिला को स्नैचर ने पहले तो थप्पड़ मारा, जब तक महिला होश संभालती तब तक स्नैचर उनकी बांई कान से सोने की बाली छीन कर फरार हो गया। पीड़िता ने मदद के लिए शोर मचाया लेकिन जब तक लोग जमा होते तब तक स्नैचर बाइक से फरार हो गए।
सेक्टर 11 निवासी 68 साल की राजरानी शाम को सेक्टर की बूथ मार्केट स्थित अपनी दुकान पर आई थीं। वहां पर कुछ देर बैठने के बाद शाम करीब 4.30 बजे अपने घर पैदल जा रही थीं। मार्केट से करीब 50 मीटर की दूरी पर जाते ही बाइक पर सवार स्नैचर पीछे से महिला को एक थप्पड़ मारा। थप्पड़ मारने के तुरंत बाद उसने महिला के बांई कान से सोने की बाली छीन ली।
पीड़िता ने पहले अपने परिजनों को मामले की सूचना दी और उसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया। स्थानीय पुलिस चौकी की टीम और तीनों क्राइम यूनिट्स की टीम ने महिला के बयान दर्ज किए। पुलिस ने घटना के आसपास के सीसीटीवी रिकॉर्ड को खंगाला तो उसमें स्नैचर बाइक से अपने एक साथी के साथ भागता हुआ दिख रहा है। पुलिस द्वारा सेक्टर 11 के सभी एग्जिट और एंट्री पर लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया जा रहा है ताकि स्नैचर का सुराग मिल सके। पीड़िता के बयान पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।