सड़क धंसने से बंद हुई एक लेन, मरम्मत में लगेंगे 15 से 20 दिन, दफ्तर समय में हालात सबसे बदतर
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-15 स्थित परशुराम चौक से बेल फैक्टरी लाइट पाॅइंट तक सड़क धंसने के कारण एक तरफ का रूट बंद कर दिया गया है। इसके चलते पूरे हिस्से में यातायात सिंगल लेन से चलाया जा रहा है, जिससे रोजाना सुबह-शाम लंबा जाम लग रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह मार्ग सेक्टर-15, 16 समेत आसपास के इलाकों को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है। सुबह स्कूल और दफ्तर के समय वाहनों का दबाव अधिक रहता है, लेकिन सिंगल लेन के कारण गाड़ियां रेंगती नजर आती हैं। कई बार परशुराम चौक से लेकर बेल फैक्ट्री लाइट प्वाइंट तक लंबी कतार लग जाती है।
शाम के समय दफ्तर से लौटने वाले लोग भी जाम में फंसकर परेशान हो रहे हैं। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है, वहीं एंबुलेंस और अन्य आपात वाहनों के लिए रास्ता निकालना भी मुश्किल हो जाता है।
लोगों का कहना है कि सड़क धंसने की समस्या को काफी समय हो चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। फिलहाल अस्थायी बैरिकेड लगाकर एक तरफ का रास्ता बंद किया गया है, जिससे परेशानी और बढ़ गई है। यातायात पुलिस के अनुसार जाम को देखते हुए मौके पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, लेकिन सिंगल लेन होने के कारण दबाव बना रहता है।
कोट
सीबीडी की रिपेयर के लिए आरसीसी दीवारें बनाकर ऊपर से आरसीसी स्लैब डाली जाएगी। काम में समय लगेगा। सड़क की दोनों लेन चालू होने में 15 से 20 दिन लग सकते हैं।
-राजबीर सिंह, एसडीओ, पीएमडीए