मरीजों को जांच और इलाज के लिए करना पड़ा घंटों इंतजार
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में सोमवार को हीटर चलाने के कारण यूपीएस खराब हो गया और सर्वर ठप हो गया। इसके चलते इलाज और जांच के लिए आए मरीज चार घंटे तक पर्ची बनवाने और जांच कराने के लिए लाइन में लगे रहे। अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी, कई मरीजों की खाली पेट जांच और अल्ट्रासाउंड भी नहीं हो पाई।
सुबह नौ बजे से ओपीडी की लाइन लगने के साथ ही हीटर चलाने से यूपीएस की बैटरी खराब हो गई और शॉर्ट सर्किट के कारण सर्वर बंद हो गया। रजिस्ट्रेशन काउंटर नहीं चले और मरीजों की खून की जांच, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड रोके रहे। इलाज के लिए आए मरीजों को मदर एंड चाइल्ड केयर अस्पताल में जाकर रजिस्ट्रेशन कराना पड़ा, जिसमें तीन से चार घंटे लग गए।
मरीजों की प्रतिक्रियाएं
चार घंटे में रजिस्ट्रेशन हुआ
लाइन में लगने के बाद सर्वर खराब होने की जानकारी हुई। मदर एंड चाइल्ड केयर अस्पताल जाकर कार्ड बनवाया। बहुत दिक्कत हुई। - पूजा, पिंजौर
खाली पेट जांच नहीं हुई
अल्ट्रासाउंड और खाली पेट आए थे लेकिन जांच नहीं हो सकी। अब डॉक्टर ने मंगलवार को फिर से बुलाया है। - विमल, अमरावती
पूरी तरह से इलाज नहीं हो पाया
पेट दर्द और बुखार के लिए आई थी लेकिन खून की जांच नहीं हो सकी। चार घंटे बाद ही डॉक्टर को दिखा पाई। - नीलम, मौलीजागरां
दवाएं मिलने में पांच घंटे लगे
सर्वर फेल होने से दवा लेने में पांच घंटे लगे। सुविधा में सुधार की जरूरत है। - मंजू, सेक्टर-19
जल्द ठीक कराया जाएगा
हीटर चलाने से हुई यूपीएस की खराबी को जल्द ठीक कराया जाएगा। सभी यूपीएस बदलने और सर्वरों को दुरुस्त करने के लिए टीमें लगाई जा रही हैं। - डॉ. आरएस चौहान, पीएमओ, सिविल अस्पताल सेक्टर-6, पंचकूला