टीका लगवाने के बाद डॉक्टर व स्वास्थ्य अधिकारी।
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। पंचकूला में सोमवार को कोविशिल्ड वैक्सीन की दूसरी डोज का दौर शुरू कर दिया गया है। इसके अंतर्गत छह सेंटर बनाए गए थे। पहले दिन 173 हेल्थ वर्करों को कोविशिल्ड की दूसरी डोज लगवाई।
इसमें डीजी हेल्थ हरियाणा डॉ. सूरजभान कंबोज, डायरेक्टर एमसीएच डॉ. वीके बंसल, डायरेक्टर डेंटल डिपार्टमेंट हरियाणा डॉ. प्रवीन सेठी, पीएमओ डॉ. सुवीर सक्सेना, डिस्ट्रिक्ट इम्यूनाइजेशन ऑफिसर डॉ. मीनू साशन, रायपुररानी सीएचसी इंचार्ज एसएमओ डॉ. संजीव गोयल के अतिरिक्त कंसल्टेंट डॉ. मनकीरत मुरारा ने दूसरी डोज लगवाई।
अभी तक कोविन पोर्टल पर कुल 7248 हेल्थ केयर वर्कर रजिस्टर्ड हैं। इसमें एक माह बीत जाने के बाद भी अभी तक 4328 वर्करों ने ही टीका लगवाया है। अभी 2920 ऐसे हेल्थ वर्कर है जिन्होंने टीका लगवाया ही नहीं।
12 दिन में ही 4377 फ्रंट लाइन वर्करों को लगी वैक्सीन
एक ओर 30 दिन में 4328 हेल्थ वर्करों ने टीका लगवाया, जबकि महज 10 दिन में ही 4377 फ्रंटलाइन वर्करों ने वैक्सीन लगवा ली है। अभी तक कुल 8705 वर्करों ने वैक्सीन लगवाई है। इसमें सबसे ज्यादा संख्या फ्रंटलाइन वर्करों की है। सोमवार को सिविल अस्पताल, अल्केमिस्ट अस्पताल, सीएचसी रायपुररानी, एसडीएच कालका, सीआरपीएफ पिंजौर में हेल्थ और फ्रंटलाइन वर्करों को टीका लगाया गया। इसमें कुल 535 वर्करों को टीका लगाने का टारगेट रखा था जिसमें 335 हेल्थ वर्कर थे और 200 फ्रंट लाइन वर्कर थे। इसमें 543 वर्करों ने टीका लगवाया जिसमें 214 हेल्थ वर्कर थे, इसमें 41 वर्करों ने पहली डोज लगवाई और 173 ने दूसरी डोज लगवाई। इसके साथ ही सबसे ज्यादा 329 फ्रंट लाइन वर्करों ने वैक्सीन लगवाई।