पंचकूला। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भारत की विभिन्न वीरांगनाओं के अद्वितीय साहस, समर्पण और योगदान को समर्पित एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 4 मई को शाम 5:30 बजे, सेक्टर-14 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज पंचकूला में आयोजित किया जा रहा है।
पंचकूला संस्कार भारती के अध्यक्ष सुरेश गोयल ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य भारत की उन महान नारियों की गाथाओं को जन-जन तक पहुंचाना है, जिनके योगदान को इतिहास में वह स्थान नहीं मिल पाया जिनका हक था। कार्यक्रम का संयोजन पंचकूला संस्कार भारती, पंचकूला राष्ट्र सेविका समिति, पंचकूला संवर्धिनी न्यास और राजकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय सेक्टर-14 की ओर से किया जा रहा है।
पंचकूला संस्कार भारती के अध्यक्ष सुरेश गोयल ने बताया कि हमारा उद्देश्य उन वीरांगनाओं की कहानियों को पुनर्जीवित करना है, जिनका जीवन आज के समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। रानी लक्ष्मीबाई, झलकारी बाई, दुर्गावती, और अहिल्याबाई जैसी वीरांगनाओं के आदर्श भी प्रासंगिक हैं। वीरांगनाओं के वेश में विभिन्न स्थानों से महिलाएं मंच पर प्रस्तुति देंगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा उपस्थित रहेंगी। विशिष्ट अतिथियों में समाजसेवी विजय गर्ग एवं सुषमा गर्ग शामिल होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्कार भारती पंचकूला के मुख्य संरक्षक ज्ञानचंद गुप्ता करेंगे। मुख्य वक्ताओं में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की सदस्या विजया भारती सयानी और संगठन मंत्री (संस्कार भारती) विजय, संस्कार भारती उत्तर क्षेत्र प्रमुख नवीन शामिल होंगे। कार्यक्रम में उत्तर क्षेत्र संयोजक (संवर्धिनी न्यास) प्रतिभा सिंह, राष्ट्र सेविका समिति की नगरवाहिका अर्चना एवं कालेज की प्रधानाचार्या डॉ. ऋचा सेतिया, एवं अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहेंगे।