पंचकूला। सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित तीन दिवसीय राज्यस्तरीय युवा महोत्सव का हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम का आयोजन युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग की ओर से किया गया। इस मौके पर हरियाणा के खेल व युवा अधिकारिता मंत्री गौरव गौतम और विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं के समग्र विकास के लिए स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, फिट इंडिया, खेलो इंडिया और कौशल विकास योजनाओं के माध्यम से बड़े अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने सपनों को राष्ट्रहित से जोड़ें और मेहनत, अनुशासन और लगन से प्रदेश का नाम रोशन करें। इससे पहले मंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और युवा संवाद पुस्तक का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में शिवालिक बोर्ड के वाइस चेयरमैन ओमप्रकाश देवीनगर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, रंजीता मेहता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
स्वामी विवेकानंद का संदेश आज भी प्रेरणादायक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल एवं युवा अधिकारिता मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती पर आयोजित यह महोत्सव युवाओं में नई ऊर्जा का संचार करता है। स्वामी विवेकानंद का संदेश उठो, जागो और लक्ष्य की प्राप्ति तक मत रुको आज भी उतना ही प्रेरणादायक है।