दर्जनों गांव प्रभावित, धूल व जाम से लोग परेशान जल्द निर्माण की उठी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग-7 से गांव बूंगा जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य पिछले चार माह से अधूरा पड़ा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर डाले गए गटके के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है और धूल भरे वातावरण ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण कार्य शुरू करने के बाद ठेकेदार ने केवल गटका डालकर काम छोड़ दिया, जिसके बाद से कोई प्रगति नहीं हुई। इस सड़क से दर्जनों गांवों के लोग रोजाना आवागमन करते हैं, लेकिन खराब स्थिति के कारण उन्हें जोखिम उठाना पड़ रहा है। लोगों में सरकार और विभाग के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि अगर निर्माण कार्य में देरी होनी थी, तो सड़क को पहले ही नहीं उखाड़ा जाना चाहिए था। अब हालात यह हैं कि दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को हर समय हादसे का डर बना रहता है। रात के समय यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है।
धूल के कारण लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। घरों में बार-बार सफाई करनी पड़ रही है, जबकि सड़क पर पानी का छिड़काव भी नहीं किया जा रहा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोट आने वाले मरीजों और गर्भवती महिलाओं को भी इस रास्ते से गुजरने में कठिनाई हो रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे उपायुक्त को ज्ञापन सौंपेंगे। लोगों ने मुख्यमंत्री से भी हस्तक्षेप कर सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करवाने की मांग की है।
दोपहिया वाहन चालकों को भारी दिक्कत
पूर्व सरपंच बलबीर सिंह ने कहा कि गटके के कारण दोपहिया वाहन चालकों को भारी दिक्कत हो रही है और कभी भी दुर्घटना हो सकती है।
संजीव खुल्लर ने बताया कि उड़ती धूल से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है और मरीजों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
राजपाल धीमान ने कहा कि सड़क पर बिखरा गटका हादसों को न्योता दे रहा है, खासकर रात के समय खतरा अधिक रहता है।
साबर अली ने सरकार से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। भाजपा के पूर्व बरवाला मंडल अध्यक्ष गौतम राणा ने कहा कि मामले को उच्च स्तर पर उठाया गया है और जल्द ही अधिकारियों को निर्देश जारी होंगे।
ठेकेदार का पक्ष
ठेकेदार साहिल मलिक ने बताया कि जल्द सफाई और गटका हटाने का कार्य शुरू कर सड़क पर तारकोल डाल दिया जाएगा।