दो सप्ताह से अधूरा पड़ा काम, सौ मीटर हिस्से में कई दुर्घटनाएं लोगों ने जल्द मरम्मत की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामगढ़। गांव बिल्ला के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर बजरी उखाड़े जाने से सड़क वन-वे हो गई है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। करीब सौ मीटर हिस्से में पिछले दो सप्ताह से काम अधूरा पड़ा है और इस दौरान कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।
लोगों का कहना है कि बरवाला से पंचकूला की ओर जाने वाले इस मार्ग पर बजरी उखाड़ने के बाद कोई निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। इससे वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बिल्ला बस स्टॉप चौराहे पर कई हादसे हो चुके हैं।
मोहन लाल, हरदीप सिंह, संदीप कुमार, गगन कुमार, अनुज कुमार, सोनू कुमार, निवेश सिंगला, अनिल कुमार, होराम और जरनैल सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की खराब हालत से आसपास के गांवों के लोग भी परेशान हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उखड़े मार्ग को जल्द ठीक कराया जाए, ताकि वाहन चालकों और राहगीरों को राहत मिल सके।