रामगढ़। नगर निगम के वार्ड नंबर 19 के अंतर्गत भानु तक जाने वाली करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क की हालत काफी खस्ता बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।
ग्रामीणों कृष्ण कुमार, संदीप कुमार, नीरज कुमार, रामपाल सैनी, संजीव सैनी, बलवीर सैनी व डिम्पल सैनी ने बताया कि लंबे समय से सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर-7 से गांव की ओर जाने वाली इस सड़क पर भानु का गंदा पानी जमा रहता है, जिसकी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। लोगों को मजबूरी में गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है और बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण की मांग की है।